Social Sharing icon

बरेली। मजदूरी की कमाई लेकर घर लौट रहे एक युवक की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। गुरुवार दोपहर ईंट भट्ठे से निकला युवक देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों की बेचैनी बढ़ गई। अगले ही दिन उसका शव गांव से दूर जंगल में पड़ा मिला। सिर पर चोट के निशान और घटनास्थल की परिस्थितियों ने हत्या की आशंका को और गहरा दिया है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के ठिरिया खेतल गांव निवासी 29 वर्षीय राजेश प्रजापति हाईवे किनारे स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। उसके पिता सुमेरी लाल के मुताबिक गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे राजेश मजदूरी के रुपये लेकर भट्ठे से निकला था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। रात तक इंतजार के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

आखिरी बार दो युवकों के साथ देखा गया था राजेश

तलाश के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि राजेश को उनासी गांव के पास दो युवकों के साथ देखा गया था। परिजनों ने जब दोनों से पूछताछ की तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद मृतक के पिता ने दोनों युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

मोबाइल लोकेशन और पूछताछ से खुला राज

पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में मिली जानकारी और मृतक के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर शुक्रवार दोपहर पुलिस उनासी गांव के जंगल पहुंची, जहां राजेश का शव बरामद हुआ। शव के सिर के पिछले हिस्से पर चोट के निशान मिले, जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।

जेब में मिले मजदूरी के रुपये, पास पड़े थे शराब के पाउच

पुलिस को मृतक की जेब से मजदूरी के 25,760 रुपये सुरक्षित मिले। वहीं शव के पास से शराब के दो खाली पाउच भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने बरामद धनराशि मृतक के पिता को सौंप दी है। इस बरामदगी के बाद लूट की आशंका कमजोर हुई है, लेकिन मौत के कारणों को लेकर सवाल बरकरार हैं।

मौके पर पहुंचे अफसर, हर एंगल से जांच

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा और सीओ हाईवे शिवम आशुतोष ने भी मौके का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *