लखनऊ/सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। सहारनपुर में पहाड़ियों से अचानक आए तेज बहाव ने इनोवा, ट्रैक्टर समेत करीब 10 वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि कई वाहन मलबे और पानी में दब गए। प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं।
पहाड़ी बहाव में बह गए वाहन, मची अफरा-तफरी
सहारनपुर में तड़के हुई भारी बारिश के बाद पहाड़ी क्षेत्रों से तेज रफ्तार पानी नीचे बस्तियों और सड़कों तक पहुंच गया। अचानक आए बहाव में कई वाहन बह गए। मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। कई बाइकें मिट्टी और मलबे में दब गईं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज कर दिया है।
संतकबीरनगर में दिखा आसमान का दुर्लभ नजारा
तूफान और बारिश के बीच संतकबीरनगर में आसमान में एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। सुबह करीब 11:30 बजे सूर्य के चारों ओर लाल और नीले रंग का विशाल गोलाकार घेरा दिखाई दिया। इस दुर्लभ प्राकृतिक घटना को देखने के लिए लोग घरों और बाजारों से बाहर निकल आए। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह घेरा अक्सर मौसम में बड़े बदलाव, तूफान या बारिश से पहले अथवा बाद में दिखाई देता है।
25 जिलों में बारिश, 100 किमी प्रतिघंटा तक चली हवा
लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज समेत प्रदेश के करीब 25 जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच गई। वाराणसी में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के बाहर जलभराव हो गया, जबकि कई जिलों में पेड़, बिजली के पोल और होर्डिंग धराशायी हो गए। झांसी में पांच क्विंटल वजनी यूनिपोल उखड़ गया। रेलवे ट्रैक पर तार टूटने से कई ट्रेनें घंटों प्रभावित रहीं।
22 लोगों की मौत, कई जिलों में भारी नुकसान
आंधी-तूफान और बारिश से जुड़े हादसों में प्रदेशभर में 22 लोगों की मौत हो चुकी है। हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह मजदूरों की जान चली गई। कौशांबी में कच्चे मकान पर पेड़ गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा सहारनपुर, जालौन, देवरिया, प्रतापगढ़, महाराजगंज, अंबेडकरनगर, फतेहपुर और बलिया समेत कई जिलों में जनहानि की खबरें हैं।
सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को फील्ड में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है, जबकि 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।