Social Sharing icon

बरेली। सिरौली थाना क्षेत्र के बरसेर गांव में हुई युवती क्रांति की मौत का मामला ऑनर किलिंग में बदल गया। जिस मौत को परिवार पहले उल्टी-दस्त और फिर जहर खाने से हुई बता रहा था, उसी मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा कर दिया। रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने युवती के पिता और दो भाइयों को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ में तीनों ने हत्या की बात कबूल कर ली।

पुलिस के मुताबिक, क्रांति का संभल जिले के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार इसके खिलाफ था। परिजन उसकी शादी दूसरी जगह तय करना चाहते थे। इसी बात को लेकर घर में लगातार तनाव बना हुआ था।

फोन पर बात करते देख भड़का परिवार

सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि सोमवार को परिवारवालों ने क्रांति को प्रेमी से फोन पर बात करते देख लिया था। इसके बाद घर में विवाद हुआ और उसकी पिटाई की गई। देर रात जब क्रांति घर से निकलने लगी तो दोनों भाइयों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि आंगन में गिराकर डंडों से पीटा गया और बाद में गले पर डंडा रखकर दबा दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पहले बीमारी, फिर जहर की कहानी सुनाता रहा परिवार

घटना के बाद परिवार ने गांव में यह बात फैला दी कि क्रांति की मौत उल्टी-दस्त से हुई है। हालांकि पड़ोसियों ने दिन में हुई मारपीट देखी थी, इसलिए उन्हें शक हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई तो पूरा मामला खुल गया। बताया जा रहा है कि पोस्टमॉर्टम के बाद भी पिता महेंद्र ग्रामीणों को जहर खाने से मौत होने की बात कहता रहा, लेकिन पुलिस पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई।

चाचा की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

मृतका के चाचा महक सिंह ने अपने भाई महेंद्र कश्यप और दोनों भतीजों आकाश व अमन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

परिवार पर पहले भी लग चुके हैं गंभीर आरोप

ग्रामीणों के अनुसार आरोपी महेंद्र का स्वभाव काफी आक्रामक बताया जा रहा है। लोगों का कहना है कि उसने पहले अपनी पत्नी के साथ भी मारपीट की थी, जिसके बाद वह घर छोड़कर चली गई थी। बड़ी बेटी भी कथित प्रताड़ना से परेशान होकर घर छोड़ चुकी है। अब छोटी बेटी की हत्या का मामला सामने आने के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

कोर्ट ने भेजा जेल

पुलिस ने पिता और दोनों भाइयों को कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *