देहरादून/कोटद्वार। उत्तराखंड के कोटद्वार में जनवरी में हुए विवाद के बाद चर्चा में आए जिम संचालक दीपक कुमार एक बार फिर सुर्खियों में हैं। मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में खड़े होने के बाद सोशल मीडिया पर “मोहम्मद दीपक” के नाम से चर्चित हुए दीपक अब आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उनका दावा है कि जिम में आने वाले लोगों की संख्या अचानक कम हो गई, जिसके चलते किराया और बैंक की किस्तें चुकाना मुश्किल हो गया है।
दीपक ने बताया कि वह पिछले करीब पांच साल से “हल्क जिम” चला रहे थे। पहले जहां जिम में करीब 150 लोग नियमित रूप से आते थे, वहीं अब यह संख्या घटकर करीब 20 रह गई है। उनका कहना है कि घटना के बाद वायरल वीडियो और विवाद के कारण कई लोगों ने दूरी बना ली।
दो लाख से ज्यादा किराया बकाया
दीपक के मुताबिक जिम का मासिक किराया करीब 40 हजार रुपये है और वर्तमान में दो लाख रुपये से अधिक का बकाया हो चुका है। उन्होंने बताया कि मकान मालिक ने अब जगह खाली करने को कहा है। इसके अलावा घर बनाने के लिए लिया गया बैंक लोन भी उन पर बोझ बन गया है, जिसकी लगभग 17 हजार रुपये मासिक किस्त जाती है।
जनवरी की घटना के बाद बदले हालात
जनवरी में कोटद्वार के एक कपड़ा कारोबारी की दुकान के नाम को लेकर विवाद हुआ था। उसी दौरान दीपक ने दुकानदार के समर्थन में विरोध जताया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला काफी चर्चा में आया। बाद में जिम के बाहर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन भी हुआ था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया था।
उपकरण बेचकर छोड़ सकते हैं शहर
दीपक का कहना है कि आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। ऐसे में वह जिम के उपकरण बेचकर नौकरी करने की तैयारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि फिलहाल परिवार चलाना प्राथमिकता है और आर्थिक रूप से स्थिर होने के बाद ही दोबारा जिम शुरू करने के बारे में सोचेंगे। उन्होंने कहा कि जिम खोलने से पहले वह फिटनेस ट्रेनर के रूप में भी काम कर चुके हैं और अब फिर नौकरी करके नई शुरुआत करना चाहते हैं।