फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार रात गैस लीकेज के बाद हुए जोरदार धमाके ने पूरे गांव को दहला दिया। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में दो कमरों के मकान में अचानक हुए ब्लास्ट में 9 लोग झुलस गए। इनमें 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और देर रात तक चीख-पुकार गूंजती रही।
खाना बनाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 9 बजे संतोष लोधी की पत्नी कलावती घर के अंदर खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस पाइप से रिसाव शुरू हो गया। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले कमरे में गैस फैल गई और अचानक तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि घर के अंदर मौजूद लोग आग और धुएं की चपेट में आ गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। लोग अंदर फंसे परिवार को बचाने की कोशिश करने लगे, लेकिन आग और गैस के असर से तीन अन्य लोग भी झुलस गए। कुछ ही देर में पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को तुरंत मलवां मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद आठ गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया। प्रशासन ने घायलों को तेजी से अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार कराया। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को कानपुर के हैलेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है। जिला प्रशासन ने अस्पताल प्रशासन को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
एसपी बोले- सिलेंडर नहीं फटा
फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा सिलेंडर फटने से नहीं, बल्कि गैस लीक होने की वजह से हुआ। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर जांच कर रही है। घटना के बाद जिलाधिकारी और एसपी खुद मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।