Social Sharing icon

प्रयागराज। सिविल लाइंस इलाके में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब चार मंजिला बिट्ठल होटल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते होटल की ऊपरी मंजिलें धुएं से भर गईं और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। होटल में ठहरे लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद करीब 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

ट्रांसफार्मर ब्लास्ट के बाद फैली आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक होटल के पास लगे बिजली ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ था। इसके बाद निकली चिंगारियों से आग तेजी से होटल तक पहुंच गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि आग लगने की असली वजह की जांच अभी जारी है।

धुएं से घिर गया पूरा इलाका

आग लगने के बाद होटल के आसपास का इलाका घने काले धुएं से भर गया। लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। होटल में मौजूद मेहमान जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर यातायात डायवर्ट कर दिया।

फायर ब्रिगेड ने चलाया बड़ा रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों और फायर टेंडरों की मदद से होटल में फंसे लोगों को बाहर निकाला। राहत की बात रही कि सभी लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

आग बुझाते समय झुलसे CFO

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) सतीश चंद्र भी आग बुझाने की कोशिश में झुलस गए। उनके हाथ में चोट आई, जिसके बाद मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक आग से होटल का बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ है। लॉबी में खड़ी दो बाइकें भी जलकर राख हो गईं।

धमाके की आवाज सुनकर मची भगदड़

होटल के कमरे में ठहरे गाजियाबाद निवासी अरुण शर्मा ने बताया कि अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। नीचे पहुंचने पर देखा कि ट्रांसफार्मर से उठी आग होटल तक पहुंच चुकी थी। उन्होंने तुरंत अन्य लोगों को सतर्क किया, जिससे सभी समय रहते बाहर निकल सके।

पुलिस बोली- स्थिति नियंत्रण में

डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। शुरुआती जांच में ट्रांसफार्मर से आग फैलने की बात सामने आई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *