Biharट्रक से विदेशी शराब के कार्टन उतारते उत्पाद विभाग के कर्मचारी।

बिहार । शराबबंदी वाले बिहार में तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम हुई है। वैशाली जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने करीब पांच किलोमीटर तक पीछा कर विदेशी शराब से लदा ट्रक पकड़ लिया। घिरता देख चालक ट्रक सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में ट्रक से 580 कार्टन में 5160 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

डीएम को मिली थी बड़ी खेप आने की सूचना

वैशाली की डीएम वर्षा सिंह को सूचना मिली थी कि विदेशी शराब की बड़ी खेप जिले में लाई जा रही है। इसके बाद उनके निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम को संदिग्ध वाहनों की निगरानी और कार्रवाई में लगाया गया। इसी दौरान हाजीपुर के बेलकुंडा इलाके में टीम की नजर एक संदिग्ध ट्रक पर पड़ी।

रोकने का इशारा किया तो दौड़ा दिया ट्रक

उत्पाद विभाग की टीम ने चालक को ट्रक रोकने का इशारा किया, लेकिन उसने रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद टीम ने पीछा शुरू कर दिया। करीब पांच किलोमीटर तक ट्रक आगे और विभाग की गाड़ी पीछे दौड़ती रही। सराय रोड के पास चालक को लगा कि अब बच निकलना मुश्किल है तो वह ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

ट्रक खुला तो निकले शराब के 580 कार्टन

टीम ने ट्रक को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो उसमें विदेशी शराब के 580 कार्टन मिले। अधिकारियों के अनुसार कार्टन में कुल 5160 लीटर शराब थी, जिसकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। शराब की बोतलों पर For Sale in Punjab Only लिखा मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि खेप पंजाब की ओर से लाई गई थी।

कहां पहुंचनी थी खेप, नेटवर्क की तलाश

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शराब कहां से लोड की गई थी और बिहार में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। उत्पाद विभाग ट्रक के नंबर और दस्तावेजों के आधार पर मालिक और फरार चालक की पहचान करने में जुटा है। इसके साथ ही इतनी बड़ी खेप के पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है। डीएम वर्षा सिंह के मुताबिक शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कार्रवाई की जा रही है। ट्रक और शराब जब्त कर मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *