UP NEWSप्रतीकात्मक चित्र

बदायूं। वजीरगंज-बदायूं मार्ग पर यूपी होटल के पास सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे राजमिस्त्री और मजदूर को गढ़मुक्तेश्वर डिपो की रोडवेज बस ने चपेट में ले लिया। हादसे में मजदूर बद्री प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राजमिस्त्री राजेश ने बरेली के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया। दोनों की मौत से धर्मपुर गांव में मातम पसरा है।

काम खत्म कर लौट रहे थे घर

धर्मपुर गांव निवासी राजेश राजमिस्त्री का काम करते थे। वह सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के बाबट गांव में एक मकान के निर्माण कार्य में लगे थे। सोमवार को वह गांव के ही बद्री प्रसाद को मजदूरी के लिए अपने साथ लेकर गए थे। शाम को काम खत्म होने के बाद दोनों बाइक से धर्मपुर लौट रहे थे। वजीरगंज-बदायूं मार्ग पर यूपी होटल के पास उनकी बाइक गढ़मुक्तेश्वर डिपो की रोडवेज बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बद्री प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल राजेश को अस्पताल भिजवाया। वहीं बद्री प्रसाद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन बदायूं पहुंच गए। राजेश की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया। परिजनों ने उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *