Bareillyमुठभेड़ के बाद पुलिस गिरफ्त में दोनों आरोपी।

बरेली। मीरगंज में आधी रात पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाशों ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों आरोपी रामपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।

मामला पांच सितंबर का है। पुलिस के मुताबिक, उस दिन तड़के करीब तीन बजे बदमाश नौगांव में घुसे और दो भैंस चोरी कर पिकअप में लादकर ले जाने लगे। इसी दौरान ग्रामीणों की नींद खुल गई। लोगों के जागने पर बदमाश भैंस और पिकअप वहीं छोड़कर फरार हो गए थे। इसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

भाखड़ा नदी पुल के पास हुई मुठभेड़

गुरुवार देर रात मीरगंज पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बदमाशों की सूचना मिली। पुलिस टीम ने भाखड़ा नदी पुल के पास नौगवा जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर दी। रात करीब 2:25 बजे दो संदिग्ध वहां दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार, रोकने पर दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी।

गोली लगते ही जमीन पर गिरा उस्मान

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो एक गोली उस्मान पुत्र नक्शे अली निवासी खेमपुर, थाना अजीमनगर, रामपुर के दाहिने पैर में जा लगी। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी मीरगंज भेजा गया। वहीं उसका साथी रईस पुत्र मोहम्मद शाह निवासी महेशपुरा, थाना भोट, रामपुर भी गिरफ्तार कर लिया गया।

तमंचे, कारतूस और नकदी मिली

पुलिस के मुताबिक, उस्मान के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, 300 रुपये और वीवो मोबाइल बरामद हुआ। रईस के पास से 12 बोर का तमंचा मिला, जिसमें एक राउंड फंसा हुआ था। उसके पास एक जिंदा कारतूस, 250 रुपये और ओप्पो मोबाइल भी मिला।

पूछताछ में भैंस चोरी का कनेक्शन सामने आया

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पांच सितंबर को नौगांव से दो भैंस चोरी करने की बात स्वीकार की है। आरोपियों ने यह भी बताया कि ग्रामीणों के जागने के बाद वे भैंस और पिकअप छोड़कर भाग गए थे। पुलिस के अनुसार, दोनों ने चोरी की घटना में शामिल कुछ अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं।

भैंस और पिकअप पहले ही बरामद

भैंस चोरी में इस्तेमाल पिकअप UP 23 AT 1609 और दोनों भैंस पहले ही बरामद की जा चुकी हैं। इस मामले में मीरगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 445/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत दर्ज है। मुठभेड़ के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *