Bareillyगंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी स्लीपर बस।

बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के यात्रियों से भरी स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई। दिल्ली से कानपुर जा रही डबल डेकर बस अचानक बेकाबू हुई और डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। तेज झटके के साथ बस पलटते ही अंदर सो रहे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 19 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर है।

तड़के साढ़े तीन बजे अचानक बेकाबू हुई बस

हादसा कुंवरगांव थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर प्वाइंट 177.2 के पास हुआ। शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे बस दिल्ली से कानपुर की ओर बढ़ रही थी। उस वक्त ज्यादातर यात्री सो रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान चालक को झपकी लगी और बस का संतुलन बिगड़ गया। चालक संभल पाता, इससे पहले बस डिवाइडर से जा टकराई।

टक्कर के बाद घिसटती चली गई बस

डिवाइडर से टकराने के बाद बस कुछ दूर तक घिसटती चली गई और फिर पलट गई। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। बस में करीब 25 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलने पर कुंवरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।

19 यात्री घायल, एक मेडिकल कॉलेज रेफर

घायलों को सीएचसी वजीरगंज और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें रिषभ गुप्ता की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बाकी घायलों का उपचार कराया जा रहा है।

क्रेन से हटाई बस, बहाल कराया रास्ता

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन मंगाकर पलटी बस को सड़क से हटवाया और रेस्ट एरिया में खड़ा कराया। शुरुआती जांच में चालक को झपकी आना हादसे की वजह बताई जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *