शाहजहांपुर। फिल्म अभिनेता राजपाल यादव के परिवार पर बकाया करोड़ों रुपये के ऋण की वसूली अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने ऋण न चुकाए जाने पर उनकी करीब 3.10 करोड़ रुपये मूल्य की पैतृक संपत्ति की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बैंक ने शाहजहांपुर कचहरी के पास स्थित उनकी एक अन्य संपत्ति के बाहर भी नीलामी का नोटिस चस्पा कर दिया है।
बैंक अधिकारियों के अनुसार, अभिनेता की पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी देवी के नाम पर लिए गए करीब 16.61 करोड़ रुपये के ऋण की राशि लंबे समय से बकाया है। भुगतान न होने पर मुंबई ऋण वसूली न्यायाधिकरण (DRT) के आदेश पर संपत्तियों की कुर्की और नीलामी की कार्रवाई शुरू की गई है।
जारी नोटिस के मुताबिक, नीलामी में बंडा क्षेत्र के पैतृक गांव कुंडरा स्थित जमीन और उस पर बने भवन के साथ-साथ मुंबई समेत अन्य स्थानों पर स्थित फ्लैट भी शामिल हैं। इनमें बंडा की संपत्ति का मूल्य लगभग 3.10 करोड़ रुपये आंका गया है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के स्थानीय प्रबंधक अनुज वर्मा ने बताया कि न्यायाधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में शाहजहांपुर स्थित संपत्ति पर नोटिस चस्पा किया गया है। बैंक के अनुसार, 9 सितंबर को संपत्तियों की नीलामी प्रस्तावित है।






Leave a Reply