UP NEWSबरेली में छाए काले बादल

बरेली। बीते सप्ताह रिकॉर्ड बारिश की मार झेल चुके बरेली में सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। करीब नौ बजे आसमान में काले बादल घिर आए और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे की आंधी-बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। जगह-जगह पेड़ और बिजली के पोल गिरने से कई इलाकों की आपूर्ति ठप हो गई। बिजली कर्मचारी लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे रहे।

एचटी लाइन पर गिरा पेड़, पांच पोल टूटे

सबसे ज्यादा असर सुभाषनगर और मढ़ीनाथ क्षेत्र में देखने को मिला। तेज हवा के कारण मढ़ीनाथ उपकेंद्र से निकलने वाली 11 हजार वोल्ट की बंसी नगला लाइन पर पेड़ गिर गया। हादसे में पांच बिजली के पोल टूट गए। लाइन क्षतिग्रस्त होते ही इससे जुड़े इलाकों की बिजली गुल हो गई। सुभाषनगर क्षेत्र में भी एचटी लाइन पर पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। अधीक्षण अभियंता शहर दलित कुमार ने बताया कि पेड़ गिरने के कारण पांच पोल टूटे हैं। बिजली विभाग की टीमें मौके पर लगाई गई हैं और क्षतिग्रस्त लाइन व पोल की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल करने का काम किया जा रहा है।

रामपुर रोड से मिनी बाइपास तक गिरे पेड़

आंधी का असर सिर्फ बिजली लाइनों तक सीमित नहीं रहा। रामपुर रोड और किला पुल पर भी पेड़ गिर गए। सड़क पर पेड़ आने से यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की कतार लग गई। मिनी बाइपास पर भी पेड़ गिरने की सूचना है। अचानक हुई बारिश से शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई।

गांवों में भी कहर, खेतों में बिछीं धान-गन्ने की फसलें

तेज हवा ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी नुकसान पहुंचाया। कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जबकि खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसलें तेज हवा से गिर गईं। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों को आशंका है कि फसल गिरने से उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकते हैं।

आधे घंटे बाद थमी बारिश, फिर निकल आई धूप

करीब आधे घंटे तक तेज बारिश के बाद मौसम तेजी से साफ हो गया। सुबह करीब साढ़े दस बजे धूप निकल आई। न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक सप्ताह में मौसम सामान्य तौर पर साफ रहने के आसार हैं। धूप तेज होने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *