UP NEWSबारिश से गिरी दीवार और अस्पताल में भर्ती घायल महिला

बरेली। गुरुवार सुबह तेज हवा के साथ हुई बारिश शहर के कई इलाकों में आफत बनकर बरसी। अलग-अलग स्थानों पर दीवारें भरभराकर गिर गईं। बाकरगंज और स्वाले नगर में दीवारें टीन की छतों पर जा गिरीं, जिससे वहां मौजूद छह बच्चों समेत आठ लोग घायल हो गए। हादसों के बाद आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

बाकरगंज में टीन पर गिरी पड़ोसी की दीवार

किला थाना क्षेत्र के बाकरगंज में सारिका के मकान की टीन के नीचे उनकी बेटी तरु के साथ वीरा, रणवीर, आयुष और उनकी दादी सोनिया मौजूद थीं। इसी दौरान तेज बारिश और हवा के बीच पड़ोसी सनी की दीवार अचानक टीन पर गिर गई। दीवार और टीन के मलबे में वहां मौजूद लोग दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। हादसे में तरु को ज्यादा चोट आई, जिसके चलते उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया।

स्वाले नगर में खेल रहीं बच्चियों पर गिरी दीवार

दूसरा हादसा स्वाले नगर में हुआ। यहां होरीलाल की पत्नी पान कुमारी अपने मकान की टीन के नीचे बैठी थीं। उनके पास बेटी डौली और पड़ोसी की चार वर्षीय बेटी परी खेल रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी मनोहर की दीवार अचानक टीन पर गिर पड़ी। तीनों मलबे में दब गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों को बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में चार वर्षीय परी के बाएं पैर में फ्रैक्चर बताया गया है। डौली और पान कुमारी को भी चोटें आई हैं। उनका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।

हादसों के बाद मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम

तेज हवा और बारिश के बीच दीवारें गिरने की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें संबंधित इलाकों में पहुंचीं। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों की स्थिति की जानकारी भी ली गई। अचानक बदले मौसम और तेज बारिश के कारण शहर के कई अन्य इलाकों में भी जनजीवन प्रभावित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *