बरेली। आंवला क्षेत्र में उफनती अरिल नदी के रपटा पुल से बाइक समेत बहे तीन युवकों में से दो के शव मंगलवार को बरामद कर लिए गए। करीब 15 घंटे से चल रहे तलाशी अभियान के दौरान गोताखोरों ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर दोनों शव खोज निकाले। मृतकों की पहचान प्रेम और विष्णु स्वरूप के रूप में हुई है। दोनों विशारतगंज के आंबेडकर नगर वार्ड के रहने वाले बताए गए हैं। तीसरे युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है।
पुल पर डेढ़ से दो फीट पानी, बाइक से पार करते समय हुआ हादसा
हादसा सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे आंवला-अतरछेड़ी मार्ग पर डरुआपुर गांव के पास अरिल नदी के रपटा पुल पर हुआ था। लगातार बारिश के कारण नदी उफान पर है और पुल के ऊपर करीब डेढ़ से दो फीट पानी बह रहा था। इसी दौरान तीन दोस्त एक बाइक पर सवार होकर पुल पार करने लगे। पुल के बीच पहुंचते ही तेज बहाव के बीच बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और तीनों युवक बाइक समेत नदी में जा गिरे। कुछ देर तक युवक पानी में तैरकर खुद को बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन तेज धारा उन्हें बहाकर ले गई।
ग्रामीणों ने रोकने की कोशिश की, फिर भी बढ़ गए आगे
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों के मुताबिक पुल के ऊपर तेज बहाव को देखते हुए बाइक सवार युवकों को आगे जाने से रोकने का प्रयास किया गया था। उन्हें नदी का जलस्तर बढ़ने और पुल पर पानी के तेज बहाव के बारे में चेताया गया, लेकिन वे बाइक लेकर पुल पर आगे बढ़ गए। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें नदी में गिरने के बाद तीनों युवक तैरकर बाहर निकलने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ ही देर में तेज धारा उन्हें अपने साथ बहा ले गई।
रातभर चला अभियान, सुबह फिर नदी में उतरे गोताखोर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य समेत अन्य पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। रात में भी युवकों की तलाश की गई, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह नौ गोताखोरों की टीम ने दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया। घटनास्थल के आसपास करीब 250 मीटर के दायरे में नदी को खंगाला गया। लगभग 15 घंटे की मशक्कत के बाद दो युवकों के शव बरामद कर लिए गए।
प्रेम और विष्णु स्वरूप के शव मिले, तीसरे दोस्त की तलाश
बरामद शवों की पहचान प्रेम और विष्णु स्वरूप के रूप में हुई है। दोनों विशारतगंज के आंबेडकर नगर वार्ड के निवासी बताए जा रहे हैं। तीसरे युवक का अभी पता नहीं चल सका है। गोताखोर और रेस्क्यू टीमें नदी के बहाव की दिशा में उसकी तलाश कर रही हैं। अरिल नदी का जलस्तर बढ़ा होने और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद नदी और आसपास के क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।