बरेली। स्टेडियम रोड से रोजाना गुजरने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर है। करीब 45 से 50 साल पुरानी पेयजल पाइपलाइन अब बदली जाएगी। इसके लिए 7 सितंबर से महर्षि कश्यप चौक से आदिनाथ चौक तक सड़क किनारे खुदाई और नई पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू होगा। काम के दौरान इस व्यस्त सड़क पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। नगर निगम ने वाहन चालकों से निर्माण स्थल के आसपास गाड़ियां खड़ी न करने और जरूरत पड़ने पर दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करने को कहा है।
स्टेडियम रोड के नीचे पड़ी एसी और पीवीसी पाइपलाइन करीब 45 से 50 वर्ष पुरानी बताई जा रही है। उम्र पूरी कर चुकी पाइपलाइन कई जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और बार-बार लीकेज होने से पानी की बर्बादी के साथ सड़क को भी नुकसान पहुंचता है। अब इसी सड़क पर सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माण चल रहा है। ऐसे में नई सड़क बनने के बाद दोबारा पाइपलाइन के लिए खुदाई न करनी पड़े, इसलिए पहले ही पुरानी लाइन बदलने का फैसला लिया गया है।
सड़क बनने से पहले दोनों तरफ डाली जाएगी नई लाइन
जलकल विभाग महर्षि कश्यप चौक से आदिनाथ चौक तक पुरानी लाइन की जगह डीआई (डक्टाइल आयरन) पेयजल पाइपलाइन बिछाएगा। सड़क के दोनों ओर नई लाइन डालने की तैयारी है। इसी काम के साथ मॉडल टाउन से हजियापुर जाने वाली पेयजल पाइपलाइन का इंटरकनेक्शन भी किया जाएगा। इसके बाद इलाके में पेयजल आपूर्ति का नेटवर्क पहले से बेहतर होने की उम्मीद है।
पहले स्टेडियम साइड की खुदाई, फिर दूसरी तरफ चलेगा काम
पूरी सड़क को एक साथ खोदने के बजाय काम दो चरणों में होगा। पहले चरण में महर्षि कश्यप चौक से आदिनाथ चौक तक स्टेडियम वाली साइड पाइपलाइन बिछाई जाएगी। यह हिस्सा पूरा होने के बाद दूसरी ओर आदिनाथ चौक से महर्षि कश्यप चौक की तरफ काम शुरू होगा। इससे निर्माण के दौरान सड़क का एक हिस्सा यातायात के लिए उपलब्ध रखा जा सकेगा।
इस रोड से गुजरते हैं तो बदलना पड़ सकता है रास्ता
पाइपलाइन के लिए खुदाई शुरू होने के बाद स्टेडियम रोड पर खासकर व्यस्त समय में वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। निर्माण स्थल के आसपास वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति और बिगड़ सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। जलकल विभाग का दावा है कि काम इस तरह कराया जाएगा जिससे लोगों को कम से कम परेशानी हो और पाइपलाइन का काम जल्द पूरा किया जा सके।