बरेली। जिला अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हुई महिला बंदी ममता की फरारी के पीछे सुनियोजित साजिश सामने आई है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि ममता के दो बेटे दिन में उससे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि फरारी की तैयारी के तहत बाथरूम में पहले से बुर्का रख दिया गया था। शाम को ममता नहाने के बहाने बाथरूम में गई और कुछ देर बाद बुर्का पहनकर अस्पताल से निकल गई। कोतवाली पुलिस ने ममता और उसके दोनों बेटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि, फरारी के करीब 24 घंटे बाद भी पुलिस उसे तलाश नहीं कर सकी है।
फरीदपुर थाना क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में ममता को दिसंबर में गिरफ्तार कर केंद्रीय कारागार-2 भेजा गया था। 31 अगस्त को उसे पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। इस दौरान तबीयत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उसकी निगरानी के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
शाम 6:35 बजे बाथरूम गई, फिर नहीं लौटी
बुधवार सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक महिला आरक्षी नूतन सिसौदिया और रिंकू देवी की ड्यूटी ममता की निगरानी में लगाई गई थी। नूतन के मुताबिक, शाम करीब 6:35 बजे ममता नहाने के लिए वार्ड के बाथरूम में गई। दोनों महिला पुलिसकर्मी बाहर उसके लौटने का इंतजार करती रहीं। इसी दौरान बाथरूम की ओर से एक महिला बुर्का पहनकर बाहर निकली। पुलिसकर्मियों ने उसे कोई दूसरी महिला समझ लिया। काफी देर तक ममता बाहर नहीं आई तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसके बाद पता चला कि बुर्का पहनकर निकली महिला के ममता होने की आशंका है।
CCTV ने खोला फरारी का राज
घटना के बाद जिला अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें एक महिला बुर्का पहनकर अस्पताल से बाहर जाती दिखाई दी। जांच में यह भी सामने आया कि ममता बाथरूम में सूट पहनकर गई थी, जबकि बाहर निकलते समय वह बुर्के में थी। इससे आशंका मजबूत हुई कि बुर्का पहले ही बाथरूम में पहुंचा दिया गया था।
दिन में मिलने पहुंचे थे दोनों बेटे
पुलिस जांच में ममता के दोनों बेटों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई है। दोनों दिन में उससे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि फरारी की योजना पहले ही तैयार कर ली गई थी और इसी के तहत बुर्के का इंतजाम किया गया। ममता के फरार होने के बाद उसके दोनों बेटे भी वहां नहीं मिले। महिला आरक्षी नूतन सिसौदिया की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने ममता और उसके दोनों बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो महिला आरक्षी निलंबित, ममता की तलाश में दबिश
पुलिस अभिरक्षा से बंदी के फरार होने को गंभीर लापरवाही मानते हुए सुरक्षा में तैनात दोनों महिला आरक्षियों को निलंबित किया जा चुका है। वहीं पुलिस की टीमें ममता और फरारी में मदद करने वालों की तलाश में जुटी हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, लेकिन करीब 24 घंटे बाद भी ममता पुलिस की पकड़ से बाहर है।