UP NEWSपूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन व अन्य सपा नेता

बरेली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर समाजवादी पार्टी ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही आठ अक्तूबर को बरेली में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकालने का एलान किया।

रविवार को सपा के जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान उत्तर प्रदेश के साथ बिहार, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में विपक्षी दलों के समर्थक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। उन्होंने बरेली में भी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित होने का दावा किया। कहा कि अब एसएसआर के जरिये मतदाता सूची में दोबारा बदलाव की तैयारी की जा रही है।

शहर में 1.17 लाख, कैंट में एक लाख वोट कटने का दावा

महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने दावा किया कि एसआईआर के बाद बरेली शहर विधानसभा क्षेत्र में करीब 1.17 लाख और कैंट विधानसभा क्षेत्र में लगभग एक लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन के कार्यकाल का भी जिक्र किया। पूर्व मंत्री अताउर रहमान ने कहा कि पार्टी दो से आठ अक्तूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ अभियान चला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के बाद अब एसएसआर के नाम पर मतदाता सूची में फिर बदलाव की तैयारी की जा रही है, जिसका सपा विरोध करेगी।

जीवित मतदाता को मृत दिखाकर वोट काटने का आरोप

भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम ने दावा किया कि भोजीपुरा क्षेत्र के अतीक अहमद अंसारी जीवित हैं, लेकिन एसआईआर के दौरान उन्हें मृत दर्शाकर मतदाता सूची से नाम हटा दिया गया। शिकायत के बाद प्रशासन ने उनका नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराया। उन्होंने इसे मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल बताया। पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने भी निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाया जाना चाहिए।

सपा कार्यालय से गांधी पार्क तक निकलेगा मार्च

अताउर रहमान ने बताया कि आठ अक्तूबर को सुबह 11 बजे सपा कार्यालय से वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च शुरू होगा। मार्च डॉ. आंबेडकर पार्क होते हुए गांधी पार्क पहुंचेगा। पार्टी ने कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों से भी इसमें शामिल होने की अपील की है। प्रेसवार्ता में पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन, विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, पूर्व मेयर डॉ. आईएस तोमर समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *