bareillyपुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

बरेली। सुभाषनगर क्षेत्र में सोनू उर्फ विकास की चाकुओं से गोदकर हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सोनू कश्यप उर्फ फुन्नु उर्फ मुन्नु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब 18 महीने से गिरफ्तारी से बच रहा था और दूसरे राज्यों में मेलों में दुकान लगाकर गुजारा कर रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक वंशीनगला नई बस्ती निवासी सोनू उर्फ विकास का आरोपी सोनू कश्यप उर्फ फुन्नु और उसके साथियों से पहले से विवाद चल रहा था। 28 फरवरी 2025 को गौतम बुद्ध पब्लिक स्कूल के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि प्रेमपाल ने सोनू उर्फ विकास से फुन्नु के साथ समझौता करने को कहा। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद सोनू उर्फ विकास पर चाकू से हमला कर दिया गया। जान बचाने के लिए वह भागा लेकिन स्कूल की गली में गिर गया। हमलावरों ने उसके पेट और शरीर पर चाकू से कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने पहुंचे गौरव पर भी चाकू से हमला किया गया था। बाद में इलाज के दौरान सोनू उर्फ विकास की मौत हो गई।

चार आरोपी पहले ही भेजे जा चुके जेल

मामले में पुलिस ने देवेन्द्र कश्यप, मिथुन, भीमसेन उर्फ भीमा और प्रेम सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया था। मुख्य आरोपी बताए जा रहे सोनू कश्यप उर्फ फुन्नु उर्फ मुन्नु की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। लगातार फरार रहने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने 22 सितंबर 2026 को उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए वह फरार हो गया था। इस दौरान आसपास के दूसरे राज्यों में होने वाले मेलों में दुकान लगाकर अपनी आजीविका चला रहा था। काफी समय से वह अपनी बहन से भी नहीं मिला था। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी बहन से मिलने मिर्जापुर, विशारतगंज की ओर जा रहा था। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना पर सुभाषनगर पुलिस ने शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे उसे रामगंगा तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।

मां से मारपीट को लेकर भी थी रंजिश

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि सोनू उर्फ विकास से उसका पहले से विवाद था। उसने आरोपी के भाई संजय के साथ कई बार मारपीट की थी। आरोपी का यह भी कहना है कि उसकी मां के साथ भी मारपीट की गई थी, जिससे वह नाराज था। पुलिस के अनुसार इसी पुरानी रंजिश और घटना के दिन हुए विवाद के बाद साथियों के साथ मिलकर हमला किया गया था। सुभाषनगर पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, अनुज कुमार और पुलिसकर्मी विनीत कुमार व अंकित नागर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *