बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह खेत की सिंचाई करने गए बुजुर्ग किसान को सांप ने काट लिया। किसान ट्यूबवेल के पास सिंचाई की व्यवस्था देख रहे थे, तभी अंदर बैठे सांप ने अचानक उनके हाथ की उंगली में काट लिया। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। जानकारी मिलने पर परिजन खेत पहुंचे और आनन-फानन में किसान को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है।
भमोरा थाना क्षेत्र के गांव नौगवां ठाकुरान निवासी 60 वर्षीय गोपाल खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह वह रोज की तरह अपने खेत पर गए थे। फसल की सिंचाई के लिए उन्होंने ट्यूबवेल चलाया और पानी खेत तक पहुंचाने की व्यवस्था करने लगे। इसी दौरान वह ट्यूबवेल के पास पहुंचे। बताया जा रहा है कि ट्यूबवेल के अंदर पहले से एक सांप बैठा हुआ था।
उंगली में सांप के काटते ही मची अफरा-तफरी
जैसे ही गोपाल ने ट्यूबवेल के अंदर हाथ बढ़ाया, वहां बैठे सांप ने उनके हाथ की उंगली में काट लिया। सांप के काटने के बाद गोपाल घबरा गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी खेत पर पहुंच गए। शुरुआत में उनकी हालत सामान्य बताई गई, लेकिन कुछ समय बाद तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजनों ने देर न करते हुए उन्हें अस्पताल ले जाने का फैसला किया।
जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
परिजन गोपाल को लेकर बरेली के जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें भर्ती कर लिया और उपचार शुरू कर दिया। जिला अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि गोपाल सुबह खेत की सिंचाई करने के लिए घर से निकले थे। ट्यूबवेल के अंदर सांप बैठा होने की उन्हें जानकारी नहीं थी। इसी दौरान सांप ने अचानक उनकी उंगली में काट लिया। घटना के बाद किसान के परिवार में चिंता का माहौल है। परिजन अस्पताल में मौजूद हैं और उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं। किसान का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।