बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच चल रहा तलाक का विवाद अब मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। पति का आरोप है कि तलाक के मुकदमे की सुनवाई के दौरान पत्नी ने न्यायालय परिसर में उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके अगले ही दिन पत्नी उसके घर पहुंच गई और बुजुर्ग माता-पिता के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट का प्रयास किया। आरोप है कि उसने बच्चे को भी थप्पड़ मारकर गिरा दिया और घर में जमकर तोड़फोड़ की। पीड़ित की शिकायत पर इज्जतनगर पुलिस ने पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोर्ट से बाहर निकलते ही जान से मारने की धमकी देने का आरोप
वीर सावरकर नगर, डेलापीर निवासी विख्यात सक्सेना का पत्नी प्रगति रस्तोगी से तलाक का मुकदमा बरेली न्यायालय में विचाराधीन है। विख्यात के मुताबिक, 28 सितंबर को मुकदमे की तारीख पर वह न्यायालय पहुंचे थे। इसी दौरान पत्नी ने उनके साथ मारपीट करने का प्रयास किया और कोर्ट से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि न्यायालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान से घटना की पुष्टि हो सकती है।
घर में घुसकर बुजुर्ग माता-पिता से की अभद्रता
पीड़ित के अनुसार, 29 सितंबर की रात करीब आठ बजे वह अपनी नौकरी के सिलसिले में घर से बाहर थे। घर पर उनके बुजुर्ग माता-पिता मौजूद थे। इसी दौरान पत्नी घर पहुंची और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगी। आरोप है कि वह मारपीट के इरादे से घर में घुसी, जिससे घबराकर बुजुर्ग माता-पिता ने अंदर जाकर खुद को बचाने का प्रयास किया। इसके बाद पत्नी ने घर का मुख्य गेट खोलकर अंदर प्रवेश किया और सामान में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
बच्चे को थप्पड़ मारकर गिराया, स्कूटी और बुलेट भी तोड़ी
विख्यात का आरोप है कि पत्नी ने उनके बच्चे को इतनी तेज थप्पड़ मारा कि वह जमीन पर गिर गया। इससे बच्चा बुरी तरह डर गया। इसके बाद घर की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए गए। घर में खड़ी स्कूटी और बुलेट मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बच्चे के खिलौना वाहन को भी तोड़ दिया गया। आरोप है कि पत्नी मोहल्ले में भी गाली-गलौज और हंगामा करती रही। घर में रहने वाली महिला किरायेदार के बारे में भी अशोभनीय बातें कहने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस पहुंची, फिर भी नहीं थमा हंगामा
पीड़ित ने घटना के दौरान ही 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना पर यूपी-112 का वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोप है कि पत्नी ने पुलिसकर्मियों की बात नहीं मानी और हंगामा करती रही। पीड़ित ने पुलिस को 112 की इवेंट आईडी, मौके पर पहुंचे वाहन का नंबर, तोड़फोड़ के फोटो और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की बात कही है।
बच्चे का हस्तलिखित पत्र भी पुलिस को सौंपा
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि पत्नी आए दिन घर पहुंचकर विवाद और गाली-गलौज करती है, जिससे बुजुर्ग माता-पिता और बच्चा मानसिक तनाव में हैं। घटना के संबंध में बच्चे ने अपने हाथ से एक पत्र लिखकर अपनी बात भी दर्ज की है। पीड़ित ने इस पत्र को भी पुलिस को सौंपते हुए जांच में शामिल करने की मांग की है। साथ ही न्यायालय परिसर की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने का अनुरोध किया है।
परिवार की सुरक्षा की मांग, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
विख्यात सक्सेना ने इज्जतनगर थाने में शिकायत देकर पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने घर और वाहनों को हुए नुकसान का आकलन कराने के साथ ही बुजुर्ग माता-पिता, बच्चे और खुद की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।