बरेली। कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट सेवा के दम पर बरेली पुलिस के चार अधिकारी-कर्मचारियों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2025 के लिए चयनित इन पुलिसकर्मियों को सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित समारोह के दौरान एसएसपी अनुराग आर्य ने पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इंस्पेक्टर संजय धीर को मिला गोल्ड मेडल
सम्मान पाने वालों में निरीक्षक संजय धीर को डीजी कमेंडेशन गोल्ड, उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह को सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न प्रदान किया गया। वहीं, मुख्य आरक्षी मनवीर सिंह और मुख्य आरक्षी अजय चौधरी को उत्कृष्ट सेवा पदक से नवाजा गया।
एसएसपी ने थपथपाई पीठ
एसएसपी अनुराग आर्य ने चारों पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य का परिणाम है। ऐसे पुरस्कार न केवल सम्मानित पुलिसकर्मियों, बल्कि पूरे पुलिस बल को भविष्य में और अधिक निष्ठा से काम करने के लिए प्रेरित करते हैं।