बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। अटा कायस्थान के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय महिला और उसके दो साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
बहन के घर से लौट रहा था परिवार
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के अलीनगर निवासी तस्लीम सोमवार को पत्नी समीना (28) और दो साल के बेटे अदनान रजा के साथ कल्यानपुर स्थित अपनी बहन के घर गए थे। शाम करीब छह बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। अटा कायस्थान के पास पहुंचते ही पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही सड़क पर जा गिरे मां-बेटे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि समीना और उनका बेटा अदनान रजा बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तस्लीम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
हाईवे पर लगा जाम, पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही सीबीगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल तस्लीम को तत्काल अस्पताल भिजवाया। हादसे के कारण हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मां-बेटे की मौत से दो गांवों में मातम
परिजनों के अनुसार तस्लीम की शादी वर्ष 2021 में चिठियां पखुन्नी गांव निवासी समीना से हुई थी। एक साथ मां और बेटे की मौत की खबर मिलते ही अलीनगर और चिठियां पखुन्नी गांव में मातम छा गया। परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।