बरेली। नैनीताल लिंक रोड पर CID अधिकारी बनकर पहुंचे कार सवार बदमाशों ने एक युवक और उसके दोस्त का अपहरण कर लिया। बदमाशों ने पहले दोनों को अपनी कार में बिठाया, फिर दोस्त को बीच रास्ते में उतारकर युवक को घंटों बंधक बनाए रखा। इस दौरान उसके खाते से 75 हजार रुपये निकलवा लिए और पांच लाख रुपये की फिरौती भी मांगी। रुपये की व्यवस्था न होने पर मारपीट करने के बाद उसे नवाबगंज क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बहेड़ी के सेमरा गांव निवासी अशफाक कंबाइन मशीन चलाने का काम करते हैं। गुरुवार को वह अपने दोस्त जहीर के साथ कार से घूमने निकले थे। लौटते समय नैनीताल लिंक रोड पर लखनऊ नंबर की एक किआ कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। कार से उतरे पांच लोगों ने खुद को CID अधिकारी बताते हुए दोनों को अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर बनाया बंधक
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताते हुए दोनों को मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। कुछ देर बाद जहीर को रास्ते में उतार दिया गया, जबकि अशफाक को अपने साथ ले गए। इसके बाद उसे कई घंटों तक अलग-अलग स्थानों पर घुमाया जाता रहा।
जनसेवा केंद्र पर रुकवाकर खाते से निकलवाए रुपये
आरोप है कि बदमाश नवाबगंज क्षेत्र के एक जनसेवा केंद्र पर पहुंचे और अशफाक के खाते से 75 हजार रुपये निकलवा लिए। इसके बाद भी उनका लालच नहीं रुका। उन्होंने अशफाक से पांच लाख रुपये की मांग की और रकम की व्यवस्था न होने पर उसके साथ मारपीट भी की।
मोबाइल छीना, राहगीर के फोन से लगाई 112 पर कॉल
शाम तक युवक को कार में घुमाने के बाद जब आरोपियों को लगा कि उन्हें और रुपये नहीं मिलेंगे तो वे उसे नवाबगंज क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए। आरोप है कि जाते समय बदमाश उसका मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। किसी तरह एक राहगीर का फोन लेकर अशफाक ने डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की और मामला बहेड़ी थाना क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण उसे वहां भेज दिया।
उत्तराखंड कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
बहेड़ी थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। प्रारंभिक जांच में कुछ आरोपी उत्तराखंड के बताए जा रहे हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि पीड़ित के परिचितों ने पुरानी जानकारी साझा कर इस टप्पेबाजी की साजिश रची हो सकती है। आरोपियों की तलाश में टीम लगाई गई है और जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।