बरेली। हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे फरीदपुर के छात्रों से जीआरपी थाने में तैनात एक सिपाही द्वारा कथित रूप से एक हजार रुपये रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। छात्रों ने सिपाही की कथित वसूली का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

डस्टबिन पर कुल्ला करने से शुरू हुआ विवाद

शुक्रवार देर शाम फरीदपुर के कई छात्र हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए रवाना हुए थे। रात करीब 10 बजे वे बरेली जंक्शन पर ट्रेन पकड़ने पहुंचे। इसी दौरान एक छात्र ने स्टेशन परिसर के बाहर रखे डस्टबिन के पास पानी पीने के बाद कुल्ला कर दिया। आरोप है कि तभी जीआरपी थाने में तैनात सिपाही हरिओम वहां पहुंच गया और छात्रों से अभद्रता करते हुए जुर्माना लगाने की धमकी देने लगा। छात्रों का आरोप है कि सिपाही उन्हें स्टेशन परिसर से बाहर ले गया और कार्रवाई से बचाने के नाम पर एक हजार रुपये की मांग की। आरोप है कि रुपये लेने के बाद ही छात्रों को जाने दिया गया। इस दौरान छात्रों ने पूरे घटनाक्रम का चुपके से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

कुछ ही देर बाद छात्रों ने वीडियो को एक्स पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में सिपाही एक कागज पर कुछ लिखता दिखाई दे रहा है, जबकि छात्रों के हाथ में सौ-सौ और पांच सौ रुपये के नोट नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई। मामले में जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो और आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *