बदायूं। कादरचौक क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने सनसनी फैला दी। पहले हादसे में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरे हादसे में गश्त पर निकले सिपाही और होमगार्ड को पिकअप वाहन ने कुचल दिया। दोनों मामलों में वाहन चालक मौके से फरार हो गए।
एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
पहला हादसा बदायूं रोड पर निजामाबाद स्थित बालाजी मंदिर मार्ग पर हुआ। उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी दीपेश और उसका साथी विशाल बाइक से बालाजी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पहिये के नीचे फंसा सिपाही
उधर, कादरचौक ब्लॉक के पास देर रात दूसरा बड़ा हादसा हो गया। थाना कादरचौक में तैनात सिपाही सचिन पोसवाल और होमगार्ड राजकुमार चीता बाइक से क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सिपाही सचिन पिकअप के पहिये के नीचे फंस गए। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल सिपाही को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर मेरठ रेफर किया गया है, जबकि होमगार्ड राजकुमार का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।