बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में टेंपो में गोवंश भरकर ले जाने और रोकने पहुंचे गौरक्षकों पर वाहन चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आई है।
शुक्रवार को अखिल भारतीय गौ रक्षा परिषद मीरगंज से जुड़े नगरिया सादात निवासी जतिन और अन्य कार्यकर्ता दो लोगों को पकड़कर फतेहगंज पश्चिमी थाने पहुंचे। आरोप लगाया कि आरोपी टेंपो में गोवंश भरकर ले जा रहे थे। उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो आरोपियों ने टेंपो चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मीरगंज के नल नगरिया निवासी मुनत्याज अली पुत्र हनीफ उर्फ हलीम और ज्ञानसू पुत्र लालाराम समेत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मुनत्याज और ज्ञानसू को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दो और नाम आए सामने
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे नल नगरिया निवासी राहुल और सचिन पुत्रगण यादराम के साथ टेंपो से धनेटा फाटक के पास पहुंचे थे। मौका देखकर गोवंश को वाहन में भरकर ले जा रहे थे, तभी गौरक्षक वहां पहुंच गए और दोनों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुनत्याज अली के खिलाफ मीरगंज थाने में चोरी और बरामदगी से संबंधित धाराओं में एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है।
कोर्ट में पेश कर जेल भेजे आरोपी
फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां उसे उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार, उपनिरीक्षक आदेश कुमार, हेड कांस्टेबल विक्की सिंह और कांस्टेबल प्रियांशु तोमर शामिल रहे।