बरेली। मंगलवार को शाही की सड़कें देशभक्ति के रंग में रंग गईं। हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली गई पैदल तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। हाथों में लहराता तिरंगा और जुबां पर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारे गूंजे। गांधी इंटर कॉलेज से शुरू हुई यात्रा मुख्य बाजार से गुजरते हुए प्रताप इंटर कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे गांधी इंटर कॉलेज से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक डॉ. डीसी वर्मा के साथ भाजपा मंडल प्रभारी अंकित माहेश्वरी और मंडल अध्यक्ष अनुरोध सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए। गांधी इंटर कॉलेज और प्रताप इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे उत्साह के साथ कदम से कदम मिलाया। यात्रा जैसे-जैसे मुख्य बाजार से आगे बढ़ी, देशभक्ति के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। तिरंगा थामे विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने माहौल को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
प्रताप इंटर कॉलेज में हुआ समापन
तिरंगा यात्रा प्रताप इंटर कॉलेज पहुंची, जहां समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा मंडल प्रभारी अंकित माहेश्वरी ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान लोगों को राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना से जोड़ने का प्रयास है। मंडल अध्यक्ष अनुरोध सिंह ने कहा कि तिरंगे का सम्मान करना और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
नई पीढ़ी में मजबूत होती है राष्ट्रभक्ति
विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम में शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही देश की एकता, अखंडता, शांति और समृद्धि की कामना की गई। इस दौरान मंडल उपाध्यक्ष रोहित शर्मा, वरिष्ठ कार्यकर्ता सत्यपाल यदुवंशी, गांधी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरविंद पांडे, प्रताप इंटर कॉलेज के प्रबंधक देवेश उर्फ अंशु शर्मा समेत भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।