बरेली। बरेली पहुंचे पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा जो चोर होते हैं, उन्हें सभी चोर नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति न्याय सबको, तुष्टिकरण किसी को नहीं की है। मंत्री ने जातिगत राजनीति पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो दल बिरादरी के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, उनका वजूद खत्म हो रहा है और 2027 में भाजपा फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

सोमवार को विकास भवन में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाजपा सरकार पर अल्पसंख्यकों की अनदेखी करने के आरोप पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा जो चोर होते हैं, उन्हें सभी चोर नजर आते हैं। मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति स्पष्ट है- न्याय सबको, तुष्टिकरण किसी को नहीं। कानून की नजर में सभी बराबर हैं। जो भी गलती करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गोवंश संरक्षण पर बढ़ेंगे संसाधन

मंत्री ने अधिकारियों को निराश्रित गोवंश की बेहतर देखभाल के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गोवंश संरक्षण के लिए बड़े स्तर पर काम चल रहा है। सभी जिलों में गोशालाओं की संख्या बढ़ाने के साथ वहां जरूरी संसाधनों का भी विस्तार किया जाएगा। निराश्रित गोवंश को आश्रय और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सरकार का जोर है। वहीं झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज के मामले पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सोच है कि छात्र देश का भविष्य हैं। छात्रों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाना चाहिए। झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज क्यों किया गया, इसका जवाब वहां की सरकार को देना चाहिए।

बिरादरी की राजनीति करने वालों का वजूद खत्म होगा

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस का वजूद खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब जाति और बिरादरी की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलने वाली। जो भी राजनीतिक दल बिरादरी के नाम पर राजनीति करेगा, उसका वजूद खत्म हो जाएगा। इसमें कांग्रेस और सपा दोनों शामिल हैं। मंत्री धर्मपाल ने कहा 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली हैं। सरकार का फोकस विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था पर है। जनता भाजपा के काम को देख रही है और आगामी चुनाव में फिर समर्थन देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed