बरेली। मीरगंज के रहने वाले एक युवक की फरीदपुर स्थित ससुराल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला। मौत की खबर जब परिजनों को मिली तो घर में कोहराम मच गया। मृतक के बड़े भाई यशपाल ने पत्नी चंदा और साड़ू मनोज पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह साफ होने की उम्मीद है।
मीरगंज के गांव जाम निवासी यशपाल के मुताबिक उकने छोटे भाई 29 वर्षीय हरिपाल की रविवार को मौत हो गई, लेकिन ससुराल वालों ने परिवार को सीधे इसकी जानकारी नहीं दी। किसी गांव वाले को फोन किया गया, जिसके बाद मोहल्ले के व्यक्ति ने परिजनों को हरिपाल की मौत की खबर दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग आनन-फानन में फरीदपुर पहुंचे। वहां कमरे में हरिपाल बेड पर मृत पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
12 साल पहले हुई थी शादी, डेढ़ साल बाद पत्नी के मायके में रहने लगा
यशपाल ने बताया कि हरिपाल की करीब 12 साल पहले फरीदपुर के परम मोहल्ला निवासी रामसरन की बेटी चंदा से शादी हुई थी। शादी के करीब डेढ़ साल तक चंदा ससुराल में रही। इसके बाद वह पति हरिपाल को लेकर अपने मायके चली गई। हरिपाल वहीं रहकर मजदूरी करता था। उसकी दो नाबालिग बेटियां भी हैं।
ससुर की संपत्ति बनी विवाद की वजह, साड़ू पर भड़काने का आरोप
मृतक के भाई का आरोप है कि हरिपाल लंबे समय से ससुराल में रह रहा था। उसके ससुर की कोई संतान नहीं है और चंदा तीन बहनों में से एक है। यशपाल का दावा है कि इसी वजह से हरिपाल के साड़ू मनोज को आशंका थी कि ससुर की संपत्ति कहीं हरिपाल के हिस्से में न चली जाए। आरोप है कि इसी बात को लेकर मनोज ने चंदा को हरिपाल के खिलाफ भड़काना शुरू कर दिया था।
छह महीने पहले पत्नी ने भी दर्ज कराई थी रिपोर्ट
यशपाल ने बताया कि करीब छह महीने पहले चंदा ने हरिपाल और उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि ससुराल वालों ने उसे संपत्ति में हिस्सा दिए बिना घर से निकाल दिया। इसके बाद से परिवार में विवाद चल रहा था।
अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज
हरिपाल की मौत को लेकर परिवार ने जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है, लेकिन अभी मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यशपाल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वह पत्नी चंदा और साड़ू मनोज के खिलाफ पुलिस को तहरीर देगा। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।