bareillyएआई से बनाई गई चित्र।

बरेली रक्षाबंधन पर ट्रेनों में उमड़ने वाली भीड़ और लंबी वेटिंग से यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। लखनऊ, बरेली, रुड़की और हरिद्वार के बीच छह स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। ये ट्रेनें 22 से 31 अगस्त तक चलेंगी। इसके अलावा दिल्ली से पूर्वांचल के बीच मुरादाबाद होकर गुजरने वाली आठ प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे के मुताबिक ट्रेन संख्या 04321 और 04320 बरेली-रुड़की-बरेली के बीच स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित होंगी। वहीं ट्रेन संख्या 04319 और 04322 रुड़की-बरेली-रुड़की के बीच यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देंगी। रक्षाबंधन के आसपास नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए इनका संचालन किया जा रहा है।

हरिद्वार-लखनऊ के बीच अनारक्षित स्पेशल

ट्रेन संख्या 04329 और 04330 हरिद्वार-लखनऊ-हरिद्वार के बीच अनारक्षित स्पेशल के रूप में चलेगी। लखनऊ स्पेशल का ठहराव लखनऊ, संडीला, बालामऊ, हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार समेत निर्धारित स्टेशनों पर होगा। वहीं बरेली स्पेशल ट्रेन रामपुर, मुरादाबाद, कांठ, स्योहारा, धामपुर, नगीना, नजीबाबाद, मुजफ्फरनगर, चंदोक, लक्सर और रुड़की समेत निर्धारित स्टेशनों पर रुकेगी। इससे बरेली और आसपास के यात्रियों को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की ओर जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

आठ ट्रेनों में बढ़ेंगे स्लीपर कोच

रेलवे ने दिल्ली से पूर्वांचल के बीच मुरादाबाद होकर चलने वाली आठ ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाने की तैयारी की है। इनमें 14207/14208 पद्मावत एक्सप्रेस, 14205/14206 अयोध्या कैंट-दिल्ली एक्सप्रेस, 20393 संपूर्ण क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 20340 हमसफर एक्सप्रेस और 20963/20964 इंटरसिटी सुपरफास्ट शामिल हैं। इनमें एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाए जाने से वेटिंग सूची के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। सीनियर डीसीएम महेश यादव के अनुसार रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों को सफर में परेशानी न हो, इसके लिए छह स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। साथ ही आठ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाकर बढ़ी हुई यात्री संख्या को संभालने की व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *