bareillyप्रतीकात्मक चित्र

बरेलीबारादरी थाना क्षेत्र में छह साल के मासूम के साथ कुकर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। काफी देर तक बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान घर के पीछे झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो बच्चा वहां मिला। मामले की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।

पीड़ित बच्चे की मां के मुताबिक नौ अगस्त की रात करीब साढ़े नौ बजे उसका छह वर्षीय बेटा अचानक घर से गायब हो गया। आसपास तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार के लोगों ने पड़ोस और आसपास के इलाके में तलाश तेज कर दी। इसी दौरान बच्चे के घर के पीछे झाड़ियों की तरफ से रोने की आवाज सुनाई दी।

झाड़ियों में मिला बच्चा, आरोपी ने दी मारने की धमकी

परिजन आवाज सुनकर झाड़ियों की ओर पहुंचे। वहां बच्चा मिला। तहरीर के मुताबिक बच्चे ने अपनी मां को बताया कि पड़ोस में रहने वाला हिमांशु उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ गलत काम किया। मां का आरोप है कि आरोपी ने बच्चे को किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

मां की तहरीर पर बारादरी में दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के बाद बच्चे की मां बारादरी थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में बच्चे की मेडिकल जांच समेत नियमानुसार अन्य कार्रवाई की जा रही है। छह साल के मासूम के साथ हुई इस घटना ने इलाके के लोगों को भी झकझोर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *