पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

बरेली। सीबीगंज से युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में करीब दो महीने से फरार चल रहे अनस को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस केस में युवती की बरामदगी के बाद कहानी ने नया मोड़ लिया था। जांच में युवती बालिग निकली तो अपहरण की धारा हटा दी गई, लेकिन विवेचना में सामने आए तथ्यों के बाद आरोपी पर धारा 69 बीएनएस का शिकंजा कस गया।

बेटी गायब हुई तो पिता पहुंचे थाने, अनस पर लगाया आरोप

14 जून को सीबीगंज क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि चंदपुर काजियान निवासी 20 वर्षीय अनस पुत्र बन्ने उर्फ अफजाल उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवती और अनस की तलाश शुरू कर दी। तलाश के दौरान पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद उम्र और मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल हुई तो युवती बालिग पाई गई। इसी आधार पर पुलिस ने मुकदमे से धारा हटा दी। हालांकि जांच यहीं खत्म नहीं हुई। विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर केस में धारा 69 बीएनएस बढ़ा दी गई।

दो महीने से तलाश रही थी पुलिस, पस्तौर मोड़ पर मिला सुराग

युवती बरामद होने के बावजूद अनस पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश और दबिश चल रही थी। सोमवार को पुलिस को उसके पस्तौर मोड़ के पास मौजूद होने की सूचना मिली। टीम ने तत्काल घेराबंदी की और अनस को गिरफ्तार कर लिया। अनस की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मुकदमे में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद सिंह, उपनिरीक्षक सोमपाल सिंह, कांस्टेबल अंतरिक्ष चौधरी और रजत राणा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *