बरेली। अलीगंज इलाके के एक गांव में 16 वर्षीय हाईस्कूल छात्रा के अचानक लापता होने के बाद सनसनीखेज आरोप सामने आया है। पुलिस को सूचना दी गई कि प्रेम प्रसंग से नाराज परिजनों ने कथित तौर पर छात्रा की हत्या कर शव खेत में दबा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने बताए गए खेत और आसपास के इलाके में छानबीन की। हालांकि अभी तक न शव बरामद हुआ है और न हत्या के आरोप की पुष्टि हुई है।

बताया जा रहा है कि छात्रा का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग था। चर्चा है कि परिजनों ने छात्रा को फोन पर युवक से बातचीत करते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद परिवार में विवाद हुआ और फिर छात्रा अचानक लापता हो गई। इसी बीच गांव में उसकी हत्या किए जाने की चर्चा फैल गई। हालांकि इन दावों की पुलिस अभी जांच कर रही है।

पुलिस को मिली खेत में शव दबाने की सूचना

मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया, जब किसी व्यक्ति ने पुलिस को मौखिक सूचना दी कि छात्रा की कथित तौर पर हत्या करने के बाद शव खेत में दफना दिया गया है। रविवार को पुलिस टीम गांव पहुंची और बताए गए खेत में काफी दूर तक छानबीन की। संदिग्ध स्थान और आसपास के क्षेत्र को पुलिस ने अपनी निगरानी में ले लिया।

खेत पर बैठाया पहरा, माता-पिता घर से गायब

पुलिस ने खेत पर निगरानी के लिए पहरा बैठा दिया है। दूसरी ओर पुलिस के गांव पहुंचने से पहले ही छात्रा के माता-पिता घर से कहीं चले गए। पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटा रही है। छात्रा के चाचा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा आखिर कहां गई और उसके लापता होने के पीछे वास्तविक वजह क्या है।

छात्रा और युवक के संपर्क की भी पड़ताल

पुलिस छात्रा के मोबाइल संपर्क और गांव के उस युवक के बारे में भी जानकारी जुटा रही है, जिससे उसके प्रेम प्रसंग की चर्चा है। इसके साथ ही परिवार और आसपास के लोगों से जानकारी लेकर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती छात्रा का पता लगाना और खेत में शव दबाने की सूचना की सच्चाई सामने लाना है।

तहरीर नहीं, मौखिक शिकायत पर जांच

आंवला सीओ हेमंत कुमार के मुताबिक मामले में अभी किसी व्यक्ति ने लिखित तहरीर नहीं दी है। मौखिक शिकायत और गांव में चल रही चर्चा के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। सीओ ने बताया कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी समेत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *