बरेली। हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर लौट रहे शाही क्षेत्र के रमपुरा गांव निवासी 19 वर्षीय गौरव की रविवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। मुरादाबाद के रामपुर दोराहे के पास उसे बस ने टक्कर मार दी। गौरव सोमवार सुबह गांव पहुंचकर शिव मंदिर में जलाभिषेक करने वाला था, लेकिन उससे चंद घंटे पहले हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
35 कांवड़ियों के जत्थे संग 13 अगस्त को गया था हरिद्वार
रमपुरा निवासी राधेश्याम का बेटा गौरव 13 अगस्त को गांव के 35 कांवड़ियों के जत्थे के साथ हरिद्वार रवाना हुआ था। जत्थे की अगुवाई महंत धर्मेंद्र, धर्मपाल और प्रमोद कर रहे थे। हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ियों ने गंगाजल भरा और भगवान शिव का जयघोष करते हुए गांव के लिए वापसी शुरू की। गौरव भी साथियों के साथ उत्साह से गांव की ओर बढ़ रहा था।
रामपुर दोराहे के पास बस ने मारी टक्कर
रविवार देर रात कांवड़ियों का जत्था मुरादाबाद के रामपुर दोराहे के पास पहुंचा था। इसी दौरान गौरव बस की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि वह बुरी तरह घायल हो गया। हादसे के बाद साथ चल रहे कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई। बाद में गौरव की मौत की खबर ने पूरे जत्थे को गम में डुबो दिया।
बेटे के लौटने का इंतजार कर रहा था परिवार, पहुंची मौत की खबर
उधर रमपुरा में परिवार गौरव के कांवड़ लेकर लौटने का इंतजार कर रहा था। सोमवार सुबह उसे गांव के शिव मंदिर में गंगाजल चढ़ाना था। इसी बीच देर रात उसकी मौत की सूचना घर पहुंची तो चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण प्रशासक अशोक गंगवार के साथ मुरादाबाद पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था गौरव
गौरव तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार सदमे में है। जिस गांव में कांवड़ियों की वापसी और जलाभिषेक की तैयारियां थीं, वहां हादसे की खबर के बाद मातम पसर गया। गौरव के घर पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। साथी कांवड़िये भी उसके साथ हुए हादसे से गमगीन हैं।