up newsघटनास्थल पर मौजूद पुलिस और मृतक का फाइल फोटो

बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में शादी के महज दो दिन बाद एक युवक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

बुधवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस को खड़ौआ और पस्तोर रेलवे क्रॉसिंग के बीच रेलवे ट्रैक पर एक शव पड़े होने की सूचना मिली। इंस्पेक्टर सीबीगंज प्रदीप कुमार चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और शव को ट्रैक से हटवाया। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई।

22 जून को दुल्हन को लेकर लौटा था घर

मृतक की पहचान जौहरपुर गांव निवासी 26 वर्षीय रामजी शर्मा पुत्र हरीश शर्मा के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि रामजी की बारात 19 जून को शाहजहांपुर गई थी। विवाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद 22 जून को दुल्हन की विदाई हुई और वह अपने घर लौटा था। परिवार में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था।

पहली विदाई से पहले उजड़ गया सुहाग

परिजनों के अनुसार गुरुवार को दुल्हन के मायके वाले पहली विदाई कराने आने वाले थे। घर में इसकी तैयारियां चल रही थीं, लेकिन उससे पहले ही रामजी ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। शादी के महज दो दिन बाद ही दुल्हन विधवा हो गई। उसके हाथों की मेहंदी भी अभी फीकी नहीं पड़ी थी कि जिंदगी भर का दर्द उसकी झोली में आ गिरा।

आत्महत्या के कारणों की तलाश में जुटी पुलिस

सीबीगंज इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कोई स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *