बरेली। केंद्रीय कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए कृषि फार्म से फरार हुए उम्रकैदी दिनेश की तलाश में पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। तीन दिन बीतने के बाद भी आरोपी का कोई सुराग न मिलने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जबकि आसपास के जिलों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
अमरोहा जिले के डिडौली थाना क्षेत्र स्थित नन्हेड़ा राजपूत गांव निवासी दिनेश पॉक्सो एक्ट के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। 22 जून को उसे केंद्रीय कारागार के कृषि फार्म पर अन्य 45 बंदियों के साथ कार्य के लिए भेजा गया था। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे मौका मिलते ही वह पुलिस अभिरक्षा को चकमा देकर फरार हो गया। बंदी के फरार होने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
जेल प्रशासन में मचा हड़कंप, शुरू हुआ सघन सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने तत्काल संयुक्त तलाशी अभियान शुरू कराया, लेकिन देर शाम तक फरार बंदी का कोई सुराग नहीं लग सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई विशेष टीमें गठित कर दीं, जो लगातार संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां दबिश दे रही हैं। पुलिस सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।
इज्जतनगर थाने में दर्ज हुआ मुकदमा
फरार कैदी के खिलाफ थाना इज्जतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस तकनीकी संसाधनों और इलेक्ट्रॉनिक निगरानी की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है। साथ ही आरोपी के संपर्क में रहने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का इनाम
फरार बंदी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपी दिनेश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। एसएसपी ने दावा किया है कि फरार बंदी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।