up newsगंगा घाट का निरीक्षण करते एसपी सिटी

बरेली। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर बुधवार को बरेली के रामगंगा घाट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ज्येष्ठ मास की शुक्ल पक्ष दशमी तिथि पर हजारों श्रद्धालुओं ने रामगंगा नदी में श्रद्धा और विश्वास के साथ स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह से ही घाटों पर भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक बनी रही। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद दान-पुण्य कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

घाट पर धार्मिक माहौल के बीच मेले जैसी रौनक देखने को मिली। प्रसाद, पूजन सामग्री, चाट-पकौड़ी और बच्चों के खिलौनों की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मेले का भी आनंद लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में गंगा दशहरा को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।

दशमी समाप्त होते ही शुरू हुई एकादशी तिथि

पंचांग के अनुसार दशमी तिथि शाम 6 बजकर 12 मिनट तक रही, जिसके बाद एकादशी तिथि का शुभारंभ हुआ। धार्मिक मान्यता के अनुसार गंगा दशहरा पर स्नान और दान का विशेष महत्व है। इसी मान्यता के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामगंगा घाट पहुंचे और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। घाट पर वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार ब्राह्मणों ने श्रद्धालुओं से दक्षिणा और अन्नदान स्वीकार कर उन्हें आशीर्वाद दिया। बिजेंद्र महाराज, शिवकुमार महाराज, राजकुमार महाराज उर्फ नागा बाबा और जसवीर महाराज सहित कई ब्राह्मण श्रद्धालुओं को धार्मिक महत्व बताते हुए पूजा-अर्चना कराते नजर आए।

bareilly news

सुरक्षा व्यवस्था पर एसपी सिटी की पैनी नजर

गंगा दशहरा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। एसपी सिटी मानुष पारीक ने स्वयं रामगंगा घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जबकि रात में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी। पुलिस की सतर्कता के चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

डीएम ने घोषित किया स्थानीय अवकाश, स्कूल एक दिन बाद खुलेंगे

गंगा दशहरा के अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया। इसके चलते बेसिक शिक्षा विभाग ने भी विद्यालयों के खुलने की तिथि में बदलाव किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परिषदीय विद्यालय 24 जून से खुलने थे, लेकिन स्थानीय अवकाश के कारण अब जिले के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय 25 जून, गुरुवार से अपने निर्धारित समय पर संचालित होंगे। बीएसए डॉ. विनीता ने सभी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को गुरुवार को समय से विद्यालय पहुंचने के निर्देश जारी किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *