बरेली। बरेली में तैनात सीओ गौरव सिंह और हर्ष मोदी के गैर जनपद स्थानांतरण पर शनिवार को पुलिस लाइन में भावनात्मक विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में एसएसपी अनुराग आर्य समेत अन्य वरिष्ठ अफसरों ने दोनों अधिकारियों की कार्यशैली, समर्पण और जिले में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित

विदाई समारोह के दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने दोनों स्थानांतरित अधिकारियों के साथ बिताए गए कार्यकाल को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि गौरव सिंह और हर्ष मोदी ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पेशेवर दक्षता के साथ किया, जिससे पुलिस विभाग की कार्यक्षमता और जनविश्वास को मजबूती मिली। समारोह में एसएसपी अनुराग आर्य ने दोनों अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी की पहचान उसके कार्यों और व्यवहार से होती है तथा दोनों अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान उत्कृष्ट सेवाएं देकर विभाग का गौरव बढ़ाया है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा, एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा, एसपी क्राइम मनीष कुमार, एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान समेत जिले के सभी सीओ और अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने गौरव सिंह एवं हर्ष मोदी को नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल की कामना की। विदाई के दौरान भावुक माहौल भी देखने को मिला, जहां सहकर्मियों ने दोनों अधिकारियों के साथ अपने अनुभव साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *