accidentघायल दरोगा

बदायूं। बिसौली-बिल्सी रोड पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार ने ड्यूटी से लौट रहे दरोगा और कांस्टेबल को रौंद दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों पुलिसकर्मी कई फीट दूर जा गिरे और बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल दरोगा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल का इलाज जारी है।

बिसौली कोतवाली में तैनात दरोगा देवराज सिंह और कांस्टेबल अमित चव्हल क्षेत्र में गश्त और ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से वापस थाने लौट रहे थे। रात करीब साढ़े आठ बजे रानेट पुलिस चौकी के पास पुल के निकट बिसौली की ओर से आ रही तेज रफ्तार बैलोनो कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर दूर जा गिरे और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली पहुंचाया।

इलाज के दौरान दरोगा ने तोड़ा दम

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों पुलिसकर्मियों को हायर सेंटर बरेली रेफर कर दिया। इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल दरोगा देवराज सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं कांस्टेबल अमित चव्हल का इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाल कमलेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बैलोनो कार को कब्जे में ले लिया, लेकिन चालक अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गया।

आरोपी चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे और दरोगा की मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *