बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में विकास का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बरेली ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। प्रशासनिक पारदर्शिता, निवेश, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
मंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में बरेली लगातार शीर्ष जिलों में शामिल रहा है। मार्च 2026 में जिले ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि अप्रैल में भी यह दूसरे स्थान पर रहा। मई 2026 में बरेली प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया। जनसुनवाई और आईजीआरएस रैंकिंग में भी बरेली ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश के टॉप-10 जिलों में जगह बनाई। वहीं जिला घरेलू उत्पाद (जीडीडीपी) रिपोर्ट 2024-25 के अनुसार बरेली प्रदेश की अर्थव्यवस्था में आठवें स्थान पर पहुंच गया है। वर्ष 2021-22 में 46,282 करोड़ रुपये का जीडीडीपी बढ़कर 2024-25 में 65,119 करोड़ रुपये हो गया, जो 40.7 प्रतिशत की वृद्धि है। प्रति व्यक्ति आय भी 76,771 रुपये से बढ़कर 1,04,314 रुपये पहुंच गई है। मंत्री ने कहा कि बरेली अब कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था से सेवा एवं उद्योग आधारित अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
पर्यटन और निवेश में बना नया रिकॉर्ड
वर्ष 2025 में बरेली के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर एक करोड़ से अधिक पर्यटकों का आगमन हुआ। वहीं खाद्य प्रसंस्करण नीति के तहत 900 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित हुआ, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिला। बहेड़ी में 133 एकड़ में मेगा फूड पार्क और नवाबगंज में 114 एकड़ का सरदार पटेल इम्प्लॉयमेंट जोन विकास की नई पहचान बनने जा रहा है। इसके अलावा ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 2484 प्राथमिक विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से संतृप्त किया गया। नवाबगंज में 71.22 करोड़ रुपये की लागत से अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया। स्वास्थ्य क्षेत्र में 12 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जिले में तीन सरकारी अस्पताल, 17 सीएचसी, 80 पीएचसी और 554 जन आरोग्य मंदिर संचालित हैं। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 414 विशेष शिविर भी लगाए गए।
युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 2750 युवाओं को ऋण उपलब्ध कराया गया। बरेली को इस योजना में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहला और प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त हुआ। वहीं 14,798 स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर करीब 1.97 लाख महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत हजारों परिवारों को पक्के घर मिले हैं। मनरेगा के माध्यम से 9.30 लाख परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। 7.87 लाख राशन कार्ड धारकों को निशुल्क राशन का लाभ मिला, जबकि 4.16 लाख परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्रदान किए गए।
बिजली, सड़क और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत 24,077 सोलर रूफटॉप स्थापित किए गए, जिससे बरेली प्रदेश में चौथे स्थान पर पहुंच गया। 48.95 करोड़ रुपये की लागत से 100 नई सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। 115 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बन रहा ईएसआईसी अस्पताल नवंबर 2026 तक तैयार हो जाएगा। इसके अलावा 18.50 करोड़ रुपये की लागत से STPI सेंटर स्थापित कर आईटी सेक्टर को भी नई दिशा दी गई है। प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों का परिणाम है कि बरेली आज निवेश, रोजगार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। आने वाले वर्षों में यह विकास यात्रा और अधिक गति पकड़ेगी।
ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस दौरान सांसद छत्रपाल सिंग गंगवार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, नवाबगंज विधायक एमपी आर्य, मीरगंज विधायक डीसी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, कुंवर महाराज सिंह, जयपाल सिंह, जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना समेत अन्य जनप्रतिनिध मौजूद रहे।