घायल युवक

बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में एक रिक्शा चालक को घेरकर आरोपियों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी के कथित अवैध संबंधों के चलते उस पर हमला कराया गया, जबकि पुलिस को उसके बयानों पर संदेह है और मामले की जांच की जा रही है।

मूल रूप से थाना शाही क्षेत्र के दौली जवाहरलाल गांव निवासी लालाराम इज्जतनगर के रामलीला गौंटिया मोहल्ले में किराये पर रहकर रिक्शा चलाते हैं। शुक्रवार रात भोजन करने के बाद वह घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान दो लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि पहले दोनों ने उनकी जमकर पिटाई की और फिर एक हमलावर ने उनके पेट में चाकू घोंप दिया। लहूलुहान हालत में परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए।

पत्नी और मकान मालिक पर जताया शक

घायल के पिता छेदालाल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लालाराम का कहना है कि उनकी पत्नी पिछले छह माह से उनसे अलग रह रही है। उनका आरोप है कि पत्नी के मकान मालिक से संबंध हैं और उसी विवाद के चलते उन पर हमला कराया गया है। उन्होंने इसे हत्या की कोशिश बताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस को कहानी पर भरोसा नहीं

हालांकि पुलिस जांच में मामला अभी उलझा हुआ है। इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद गौतम का कहना है कि घटनास्थल, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हमले के पीछे की असली वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *