बरेली। जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने 25 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए हैं। फरीदपुर, प्रेमनगर, देवरनियां, शाही, क्योलड़िया, अलीगंज, भमोरा और फतेहगंज पश्चिमी समेत कई थानों को नए प्रभारी मिले हैं।
सोशल मीडिया सेल से फरीदपुर भेजे गए अमित पांडेय
एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश के मुताबिक, सोशल मीडिया सेल में तैनात इंस्पेक्टर अमित पांडेय को फरीदपुर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। फरीदपुर के प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम को प्रेमनगर थाने की कमान सौंपी गई है। प्रेमनगर के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह को किला थाने में निरीक्षक अपराध बनाया गया है।
किला थाने के प्रभारी उपनिरीक्षक अचल कुमार को देवरनियां का थाना प्रभारी बनाया गया है। देवरनियां के थानाध्यक्ष वेद द्विवेदी को शाही थाने की जिम्मेदारी दी गई है। शाही के थाना प्रभारी उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) भेजा गया है।
एसओजी प्रभारी को साइबर थाने में नई जिम्मेदारी
रिजर्व पुलिस लाइंस में तैनात एसओजी-दो के प्रभारी अभिषेक कुमार को साइबर क्राइम थाने में निरीक्षक अपराध बनाया गया है। उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह को रिजर्व पुलिस लाइंस से सर्विलांस सेल का प्रभारी नियुक्त किया गया है। अब तक सर्विलांस सेल का प्रभार संभाल रहे उपनिरीक्षक सतेंद्र कुमार को इसी सेल में तैनाती दी गई है।
उपनिरीक्षक कर्म सिंह पाल को रिजर्व पुलिस लाइंस से क्योलड़िया का थानाध्यक्ष बनाया गया है। क्योलड़िया के प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह को बहेड़ी थाने में निरीक्षक अपराध की जिम्मेदारी दी गई है। क्योलड़िया में निरीक्षक अपराध रहे श्रवण कुमार को कैंट थाने में निरीक्षक अपराध बनाया गया है।
जोगीनवादा चौकी प्रभारी को भमोरा थाने की कमान
बारादरी थाने की जोगीनवादा चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक कुशलपाल सिंह को भमोरा का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भमोरा के प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार को फतेहगंज पूर्वी थाने की कमान सौंपी गई है।
फतेहगंज पूर्वी के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह को रिजर्व पुलिस लाइंस भेजा गया है। उनका गैर जनपद स्थानांतरण हो चुका है। वहीं, फतेहगंज पश्चिमी थाने में निरीक्षक अपराध रहे प्रवीण कुमार को इसी थाने का प्रभारी निरीक्षक बना दिया गया है।
अलीगंज प्रभारी क्राइम ब्रांच भेजे गए
बहेड़ी की कस्बा चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज कुमार सिंह को अलीगंज का थानाध्यक्ष बनाया गया है। अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह को क्राइम ब्रांच की इन्वेस्टिगेशन विंग में भेजा गया है। इस फेरबदल में थानों के साथ ही अपराध शाखा, साइबर थाना, सर्विलांस सेल और रिजर्व पुलिस लाइंस की तैनातियों में भी बदलाव किया गया है।