बरेली। काम और रुपये दिलाने का भरोसा देकर महिला को अपने जाल में फंसाने और फिर बरेली जंक्शन के पास होटल में बुलाकर दुष्कर्म करने के आरोपी डालचंद को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद महिला को मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। बुधवार देर रात पुराने रोडवेज स्टैंड के पास उसकी लोकेशन मिली तो पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पीड़िता की डालचंद से पहले से जान-पहचान थी। इसी पहचान का फायदा उठाकर उसने महिला को काम दिलाने और रुपये देने का भरोसा दिया। आरोप है कि वह काम के बहाने उसे कई बार अपने साथ पंजाब भी ले गया, लेकिन न तो वादे के मुताबिक रुपये दिए और न ही उसकी उम्मीद पूरी हुई। महिला लगातार अपने रुपये मांगती रही। मामले ने 26 जून को गंभीर मोड़ लिया। आरोप है कि डालचंद ने महिला को रुपये देने की बात कहकर बरेली जंक्शन के पास एक होटल में बुलाया। महिला उसके भरोसे होटल पहुंच गई। पीड़िता का आरोप है कि वहां कमरे में डालचंद ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद उसने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
डेढ़ महीने बाद कोतवाली पहुंची पीड़िता
घटना के बाद पीड़िता ने आखिरकार पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया। 11 अगस्त को उसकी तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने डालचंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एफआईआर होते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। बुधवार रात पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से डालचंद के पुराने रोडवेज स्टैंड के पास मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रात करीब 11:40 बजे घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। डालचंद मूल रूप से भमोरा के गांव मिलक मझारा का रहने वाला है, जबकि इन दिनों बारादरी क्षेत्र के संजयनगर में तीन मूर्ति के पास रह रहा था।
डालचंद का पुराना रिकॉर्ड भी आया सामने
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का रिकॉर्ड खंगाला गया तो उसके खिलाफ पहले से भी मुकदमा दर्ज मिला। वर्ष 2024 में इज्जतनगर थाने में डालचंद के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/29 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस पूछताछ में उसने महिला को काम दिलाने के बहाने अपने साथ ले जाने की बात कही, जबकि बाकी पक्ष अदालत के सामने रखने की बात कही। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, महिला उपनिरीक्षक नीतू तोमर और उपनिरीक्षक अशोक कुमार शर्मा शामिल रहे। पुलिस ने डालचंद को कोर्ट में पेश, किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।