up newsमृतकों के फाइल फोटो।

बरेली। बड़ा बाइपास पर गुरुवार दोपहर रफ्तार ने दो जिंदगियां छीन लीं। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में लालपुर चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक और उसकी मौसी को जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। युवक नत्थू रम्पुरा गांव के प्रधान का बेटा था। हादसे की खबर पहुंचते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

इज्जतनगर पुलिस को दोपहर करीब ढाई बजे बड़ा बाइपास पर हादसे की सूचना मिली। थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो सड़क पर बाइक के साथ दोनों पड़े मिले। पुलिस ने उनकी पहचान देव पटेल (23) और नीलम पटेल (24) के रूप में की। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद दोनों बुरी तरह घायल हो गए थे। पुलिस की छानबीन में पता चला कि देव पटेल नत्थू रम्पुरा गांव के प्रधान का बेटा था। वहीं नीलम पटेल उसकी मौसी थीं। नीलम की शादी कैंट क्षेत्र के बरी नगला निवासी सुरेंद्र पटेल से हुई थी। वह पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ बारादरी थाना क्षेत्र के डोहरा में मकान बनाकर रह रही थीं।

मौसी की तबीयत खराब थी, दवा दिलाने ले गया था भांजा

परिजनों के मुताबिक नीलम की तबीयत कुछ समय से खराब चल रही थी। गुरुवार को भांजा देव उन्हें बाइक से दवा दिलाने भोजीपुरा लेकर गया था। दवा लेने के बाद दोनों बाइक से डोहरा स्थित घर लौट रहे थे। उन्हें क्या पता था कि घर पहुंचने से पहले बड़ा बाइपास पर मौत उनका इंतजार कर रही है। देव बाइक लेकर लालपुर चौराहे के पास पहुंचा तभी किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि देव और नीलम बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। वाहन चालक रुकने के बजाय मौके से फरार हो गया। हादसे में नीलम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जिंदगी बचाने की कोशिश नाकाम, देव ने अस्पताल में तोड़ा दम

गंभीर रूप से घायल देव की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। अस्पताल में देव की भी मौत हो गई। कुछ ही देर में मौसी और भांजे की मौत की खबर परिवार तक पहुंची तो मातम पसर गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसा करने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है। बड़ा बाइपास और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारकर फरार हुए वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *