google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSसड़क हादसे के बाद पूरनपुर सीएचसी में मौजूद पुलिस और परिजन।

पीलीभीत। पूरनपुर-खुटार हाईवे पर गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की जान चली गई। मोहनापुर गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

जोरदार टक्कर से सड़क पर जा गिरे दोनों दोस्त

माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव राजपुर सिमरा निवासी अर्जुन (25) अपने दोस्त पूरनपुर क्षेत्र के गांव पंडरिया निवासी आलोक भारती (20) के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पूरनपुर-खुटार हाईवे पर मोहनापुर गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

चार दिन पहले ही दुबई से घर लौटा था अर्जुन

अर्जुन के बहनोई बलमाल ने बताया कि वह बचपन से ही उनके घर पर रह रहा था। अर्जुन के एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। वह चार दिन पहले ही दुबई से अपने घर लौटा था। विदेश से लौटने के बाद परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन सड़क हादसे ने इन खुशियों को मातम में बदल दिया।

घर से कहां निकला था आलोक, परिजनों को नहीं थी जानकारी

आलोक के भाई सचिन ने बताया कि वह बाइक से कहां जा रहा था, इसकी परिवार के लोगों को जानकारी नहीं थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी मौत की खबर सुनकर उनके होश उड़ गए। आलोक तीन भाइयों में सचिन से छोटा था।

टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

क्षेत्राधिकारी विधि भूषण मौर्य ने बताया कि पुलिस हादसे की जांच कर रही है। बाइक को टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश कराई जा रही है। वहीं, सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *