बरेली। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी को लेकर मुस्लिम समाज के बीच सियासी बहस तेज होने लगी है। बरेली में ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने सपा के घोषणा पत्र को बोगस और नाकारा बताते हुए सवाल उठाया कि चार बार उत्तर प्रदेश की सत्ता में रहने के बावजूद पार्टी मुसलमानों और आम जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान क्यों नहीं कर सकी?
चार बार सरकार, फिर भी बुनियादी सुविधाओं का सवाल
मौलाना ने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में चार बार सरकार बना चुकी है, लेकिन उसके शासनकाल में बिजली, सिंचाई, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे जरूरी मुद्दों पर उम्मीद के मुताबिक काम नहीं हुआ। किसानों की समस्याएं भी जस की तस बनी रहीं। उनका कहना है कि सत्ता में रहने के दौरान जनता की जरूरतों पर गंभीरता नहीं दिखाई गई और अब चुनाव नजदीक आते ही फिर बड़े-बड़े वादे किए जा रहे हैं।
घोषणा पत्र में मुसलमानों के लिए ठोस योजना कहां?
मौलाना ने अखिलेश यादव के घोषणा पत्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसमें मुसलमानों की समस्याओं और उनके विकास को लेकर कोई ठोस योजना दिखाई नहीं देती। सिर्फ घोषणाएं करके जनता का भरोसा नहीं जीता जा सकता। राजनीतिक दलों को यह बताना होगा कि उन्होंने सत्ता में रहते हुए क्या किया और आगे क्या करने वाले हैं। अब जनता केवल चुनावी भाषणों और वादों के आधार पर फैसला नहीं करेगी।
2027 में बैलेट से मिलेगा जवाब
मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में मुसलमान सोच-समझकर अपना राजनीतिक फैसला करेंगे। अब किसी भी पार्टी को आंख बंद करके समर्थन नहीं मिलेगा। जनता अपने वोट की ताकत से जवाब देगी। उन्होंने साफ कहा कि राजनीतिक दलों को मुसलमानों को सिर्फ चुनाव के समय याद करने के बजाय उनके विकास, रोजगार, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर काम करके दिखाना होगा।