google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSमृतक का फाइल फोटो और घर पर शोक।

पीलीभीत। बीसलपुर-बरेली मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बरेली के एक युवक की मौत हो गई। युवक घर से खाना खाने के बाद टहलने निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो वह सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल और बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। परिजन आनन-फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

खाना खाने के बाद टहलने निकला था युवक

बरेली जिले के भुता थाना क्षेत्र के गांव शेखीपुर निवासी वीरेश सिंह (27) पुत्र श्याम बहादुर सिंह रात खाना खाने के बाद घर से टहलने निकले थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता होने लगी। परिवार के लोगों ने आसपास उनकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान सूचना मिली कि बीसलपुर-बरेली मार्ग पर गांव रिछोला सबल के पास पेट्रोल पंप के नजदीक एक युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहां घायल युवक की पहचान वीरेश सिंह के रूप में हुई। उनकी हालत बेहद गंभीर थी और वह बेहोश पड़े थे।

भारी वाहन की टक्कर से मौत की आशंका

आशंका जताई जा रही है कि सड़क पर गुजरते समय किसी अज्ञात भारी वाहन ने वीरेश को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन वीरेश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाल संजीव शुक्ला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और परिजनों से हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थे वीरेश

वीरेश सिंह चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। जवान बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां मीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे सदमे में हैं। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गांव के तमाम लोग शोक संवेदना व्यक्त करने उनके घर पहुंचे।

पुलिस को तहरीर का इंतजार, जांच के निर्देश

सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। कोतवाली पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *