उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के खीरी टाउन में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहाँ पीलीभीत से आई बारातियों से भरी एक बस हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में करंट लगने से 23 वर्षीय एक युवती की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
पुलिया के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खीरी टाउन के मोहल्ला पट्टी रामदास निवासी मोइन की दो बेटियों की शादी थी। बारात पीलीभीत के भिखारीपुर (सुनगढ़ी) से आ रही थी। शाम करीब 7 बजे, जैसे ही बारात से भरी बस रामापुर मार्ग से होते हुए खीरी टाउन के बाहर पुलिया के पास पहुंची, वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। तार छूते ही पूरी बस में तेज करंट दौड़ गया और चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त बस में करीब 40 लोग सवार थे।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने पलिया के छोटा पतवारा की रहने वाली जीनत (23) पुत्री इस्तियाक को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल हुए लोग
जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए घायलों में निम्नलिखित लोग शामिल हैं, जिनका इलाज चल रहा है:
- अमजद हुसैन (51)
- शायरा बानो (48)
- शायदा बेगम (60)
- अनाबिया (7)
- सानिया (20)
- इशरत (30)
- मोहम्मद शादमान (12)
- बस चालक ताहिर
इसके अलावा कुछ अन्य घायल निजी अस्पतालों में भी इलाज करा रहे हैं, जिनकी जानकारी पुलिस जुटा रही है।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, बिजली विभाग के खिलाफ हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम सदर अश्वनी कुमार और सीओ विवेक तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर जमकर हंगामा किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने बमुश्किल समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया और मामले की जांच का आश्वासन दिया।