बरेली। शहर के बीचोंबीच पटेल चौक अब सिर्फ एक चौराहा नहीं, बल्कि भारत के शौर्य, अंतरिक्ष में ऊंची उड़ान और अन्नदाता के सम्मान की तस्वीर पेश करेगा। नगर निगम यहां भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, कर्नल सोफिया कुरैशी और किसानों के स्टेचू लगाने जा रहा है।
प्रतिमाएं तैयार हो चुकी हैं। बुधवार को नगर निगम के अधिकारियों ने इन्हें पटेल चौक पर लगाकर ट्रायल भी किया। स्थान और स्वरूप देखने के बाद प्रतिमाओं को फिलहाल हटवा दिया गया। अब चौराहे का काम पूरी तरह तैयार होने के बाद इन्हें दोबारा लाकर स्थायी रूप से स्थापित किया जाएगा। रंग-बिरंगी रोशनी के बीच सजी इन प्रतिमाओं से रात में पटेल चौक का नजारा बिल्कुल बदला हुआ दिखाई देगा। पटेल चौक के नए स्वरूप में सबसे खास आकर्षण ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्टेचू होगा। भारतीय वायुसेना के पायलट से अंतरिक्ष यात्री तक का उनका सफर देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बना है। अब उनकी उपलब्धियों की झलक शहर के प्रमुख चौराहे पर भी दिखाई देगी। चौक से गुजरने वाले लोगों, खासकर नई पीढ़ी के लिए यह प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बनेगी।
कर्नल सोफिया कुरैशी के शौर्य को भी मिलेगा खास मुकाम
पटेल चौक पर कर्नल सोफिया कुरैशी का स्टेचू भी लगाया जाएगा। सेना में उनकी पहचान और उपलब्धियों को चौक के सौंदर्याकरण से जोड़ा गया है। शुभांशु शुक्ला और सोफिया कुरैशी की प्रतिमाएं एक साथ देश की सैन्य ताकत और नई उपलब्धियों की तस्वीर पेश करेंगी। चौक के सौंदर्याकरण में किसानों को भी खास जगह दी गई है। यहां किसानों को समर्पित स्टेचू लगाया जाएगा। इस तरह पटेल चौक पर सेना और अंतरिक्ष की उपलब्धियों के साथ देश के अन्नदाता का सम्मान भी दिखाई देगा। अलग-अलग थीम पर तैयार ये स्टेचू चौक को शहर के दूसरे चौराहों से अलग पहचान देंगे।
तैयार हुईं प्रतिमाएं, बुधवार को चौराहे पर हुआ ट्रायल
प्रतिमाओं को तैयार करने का जिम्मा शहर से बाहर की एक कंपनी को दिया गया था। नगर निगम ने कंपनी के साथ अनुबंध किया था और अब प्रतिमाएं बनकर तैयार हो चुकी हैं। बुधवार को इन्हें पटेल चौक लाकर निर्धारित स्थानों पर लगाकर देखा गया। नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर इनकी स्थिति, स्थान और पूरे स्वरूप का जायजा लिया। ट्रायल के बाद प्रतिमाओं को वहां से हटवा दिया गया। नगर निगम पहले चौराहे के बाकी सौंदर्याकरण और निर्माण कार्य को पूरा कराएगा। पटेल चौक पूरी तरह तैयार होने के बाद इन प्रतिमाओं को दोबारा निर्धारित स्थानों पर लाकर स्थायी रूप से स्थापित कर दिया जाएगा।
रंगीन रोशनी में दूर से चमकेगा पटेल चौक
पटेल चौक की नई पहचान सिर्फ प्रतिमाओं तक सीमित नहीं रहेगी। स्टेचू के आसपास आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटिंग भी की जाएगी। रात होते ही रोशनी में नहाई प्रतिमाएं दूर से लोगों का ध्यान खींचेंगी। कोशिश है कि दिन में अपनी थीम और रात में शानदार लाइटिंग के कारण पटेल चौक शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो। लाइटिंग को भी प्रतिमाओं और चौक के पूरे डिजाइन के अनुरूप तैयार किया जाएगा। इससे शुभांशु शुक्ला, कर्नल सोफिया कुरैशी और किसानों को समर्पित प्रतिमाएं रात में अलग-अलग अंदाज में उभरकर सामने आएंगी।
दूसरे चौराहों को भी मिलेगा नया कलेवर
पटेल चौक के साथ शहर के दूसरे प्रमुख चौराहों की तस्वीर बदलने की भी तैयारी है। नगर निगम अलग-अलग चौक पर उनकी थीम के हिसाब से प्रतिमाएं लगाने की योजना पर काम कर रहा है। इससे प्रमुख चौराहों का सौंदर्य बढ़ने के साथ उन्हें अलग पहचान भी मिलेगी। नगर निगम के एक्सईएन राजीव कुमार राठी ने बताया कि शहर के अलग-अलग चौक पर स्टेचू लगाने की तैयारी चल रही है। पटेल चौक पर किसानों के साथ कर्नल सोफिया कुरैशी और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से जुड़े स्टेचू लगाए जाएंगे। प्रतिमाएं तैयार हो चुकी हैं। चौराहे का काम पूरा होने के बाद इन्हें स्थायी रूप से स्थापित किया जाएगा और आकर्षक लाइटिंग भी कराई जाएगी।