बरेली। स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने जिले के आठ विद्यालयों पर शिकंजा कस दिया है। परिवहन विभाग की रिपोर्ट में इन स्कूलों में संचालित कई वाहनों के परमिट और फिटनेस की वैधता समाप्त मिलने पर डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने प्रबंधनों को नोटिस जारी किया है। स्कूलों को एक सप्ताह के भीतर वाहनों से जुड़ी सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी कराने का अल्टीमेटम दिया गया है।
बेदी इंटरनेशनल से कृष्णा पब्लिक तक कार्रवाई की जद में
डीआईओएस की ओर से बेदी इंटरनेशनल स्कूल, कृष्णा पब्लिक स्कूल, मदर्स प्राइड कॉन्वेंट स्कूल आंवला, सर्वोदय जन कल्याण पब्लिक विद्यालय, डीएसआर पब्लिक स्कूल, जय नारायण पब्लिक स्कूल और लोटस अकादमी शीशगढ़ समेत आठ विद्यालयों को नोटिस जारी किया गया है।
एआरटीओ की रिपोर्ट के मुताबिक इन विद्यालयों से जुड़े कई स्कूली
वाहनों के परमिट और फिटनेस की निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद वाहनों से संबंधित जरूरी वैधानिक प्रक्रिया पूरी नहीं कराई गई। रिपोर्ट शिक्षा विभाग तक पहुंचने के बाद संबंधित विद्यालय प्रबंधनों से जवाब तलब किया गया है।
सात दिन में दुरुस्त कराएं रिकॉर्ड, वरना NOC पर संकट
डीआईओएस ने विद्यालय प्रबंधनों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे एक सप्ताह के भीतर एआरटीओ कार्यालय में वाहनों की फिटनेस और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराएं। निर्धारित समय में अनुपालन नहीं होने पर संबंधित विद्यालय के संचालन के लिए जारी NOC निरस्त करने की संस्तुति की जा सकती है।
बच्चों की सुरक्षा पर समझौता नहीं—DIOS
डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने साफ किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्धारित परिवहन और सुरक्षा मानकों को पूरा किए बिना स्कूली वाहनों का संचालन स्वीकार नहीं किया जाएगा। नोटिस के बाद भी लापरवाही जारी रहने पर संबंधित विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।